गोंडा जनपद के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसौनी पुरवा गांव में तिलक समारोह की तैयारियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ लोगों ने मिलकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला समेत परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित गिरीश पाल तिवारी पुत्र श्री शेष नारायण तिवारी निवासी वार्ड संख्या 01, परसौनी पुरवा थाना कटरा बाजार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पुत्र हिमांशु का तिलक समारोह था और इसी की तैयारियों में वे व्यस्त थे। घर के पास नल लगवाने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक दिनांक 19 अप्रैल 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे विपक्षीगण अजय कुमार, अमित कुमार, पंकित कुमार, आशीष कुमार तथा चार अन्य अज्ञात लोग लाठी, डंडा, हाकी और लोहे की रॉड से लैस होकर एक राय होकर उनके दरवाजे पर चढ़ आए।
प्रार्थी के अनुसार, उक्त लोगों ने उनके परिवार को अश्लील गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उनकी 70 वर्षीय मां सोनापति, पिता शेष नारायण, पुत्र हिमांशु, पत्नी नीलम, बहन कमलेश कुमारी और बेटियाँ शिवानी व स्वाति को गंभीर चोटें आईं। हमलावर घर में घुसकर तोड़फोड़ भी करते रहे। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे और शोर सुनकर जब गांव के लोग एकत्र हुए, तब हमलावर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने थाना कटरा बाजार में नामजद तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
