महेश गोस्वामी/अंग्रेज गुप्ता की रिपोर्ट
कर्नलगंज, गोंडा । स्थानीय विकासखंड के अन्तर्गत ग्राम सभा मोहम्मदपुर गड़वार में नवीन परती भूमि पर ग्राम सचिवालय का निर्माण कराने हेतु सर्वसम्मति से तय हुआ लेकिन पन्द्रह दिन के अंदर ग्रामपंचायत के कुछ दबंगों ने छप्पर रख कर उक्त परती भूमि को अपने कब्जे में ले लिया और ग्राम सचिवालय का निर्माण करने नहीं दिया जा रहा है।जिसके संबंध में ग्राम प्रधान सुभाष सिंह ने उप जिलाधिकारी कर्नलगंज को शिकायती पत्र देकर जमीन की पैमाइश कराने के साथ ही खाली कराने की मांग की जिस पर उप जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभाग को पत्र भेजकर मामले का निस्तारण करने का आदेश दिया गया जिसके बावजूद संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा मौके पर पैमाइश करके अभी तक नवीन परती की भूमि को खाली नहीं कराया गया है वहीं हल्का लेखपाल भी अपना पल्ला झाड़ लिए। उक्त संबंध में ग्राम प्रधान ने बताया कि प्रश्नगत भूमि से अभी तक अवैध कब्जा ना हटने से उनके लोगों को दबंगों के द्वारा सचिवालय ना बनने देने की धमकी दी जा रही है। अब यह देखना है कि संबंधित अधिकारी उक्त मामले में क्या कार्यवाही करते हैं। बताते चलें कि जहां प्रदेश सरकार सरकारी भूमि को खाली कराने के लिए अधिकारियों को आये दिन सख्त निर्देश देकर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के दावे कर रही है वहीं संबंधित अधिकारी शासन के आदेशों को दरकिनार कर अनुपालन करने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार की मंशा धरातल पर कैसे साकार होगी ??
