महेश गोस्वामी मृदुल की रिपोर्ट
रूपईडीहा/ बहराइच। सरकार द्वारा ग्राम सभा में रहने वाले नागरिकों के लिए उनके घरों का स्वामित्व घरौनी के रूप में बनाया जाना है जिसे लेकर सरकार ड्रोन मैपिंग के बाद उन्हें स्वामित्व प्रमाण पत्र बना देती है जिसके बाद वह बैंकों में उस स्वामित्व प्रमाण पत्र को देकर ऋण आदि लेकर अपना जीविकोपार्जन के विकास या नया व्यवसाय शुरू कर सकते हैं । आपको बताते चले कि खतौनी की तर्ज पर अब राजस्व गांवों के आबादी भूमि पर बने घरों की घरौनी बनेगी और यह हर घर के लिए जरूरी होगी। स्वामित्व योजना के तहत गांव की आबादी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दी जाने वाली इस घरौनी (ग्रामीण आवासीय अभिलेख) में उसकी आवासीय संपत्ति का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। जिससे की संपत्ति पर अवैध कब्जे को लेकर झगड़े-फसाद की गुंजाइश न रहे। ग्रामीणों को घरौनी मुहैया कराने की प्रक्रिया को अमली जामा पहनाने के लिए शासन ने उत्तर प्रदेश आबादी सर्वेक्षण एवं अभिलेख संक्रिया नियमावली 2020 को अधिसूचित कर दिया है लेकिन ग्राम सभा केवलपुर में अभी तक ड्रोन मैपिंग नहीं कराई गई है जिसको लेकर ग्राम सभा केवलपुर के निवासियों नागरिकों महिलाओं ने जिला अधिकारी बहराइच से मांग की है कि ग्राम सभा केवलपुर में ड्रोन मैपिंग करा के स्वामित्व प्रमाण पत्र घरौनी बना दिया जाए ।
