Type Here to Get Search Results !

 

प्रभात लाइव न्यूज़ में आप सभी का स्वागत हैं खबर व विज्ञापन चलवाने के लिए संपर्क करें आगे दी गयी लिंक पर क्लिक करें | Contact Us (prabhatlivenews.blogspot.com)  9839412404


आजाद सिंह हत्याकांड: मुख्य आरोपी अब भी फरार, एसपी ने गठित कीं 4 टीमें



दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, प्रेम विवाह बना खून-खराबे की वजह

पत्नी बोली- सौतेले भाई को हो फांसी, पुलिस का दावा- जल्द होगा खुलासा

गोण्डा। वजीरगंज के चिलमपुर गांव में हुए सनसनीखेज आजाद सिंह हत्याकांड में दो दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने मुख्य आरोपी संदीप सिंह और उसके साथी सुरेश कुमार विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी हैं।  

प्रेम विवाह बना रंजिश की जड़

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक आजाद सिंह (35) ने डेढ़ साल पहले अपने दोस्त संदीप सिंह की सौतेली बहन पिंकी उर्फ खुशी सिंह से प्रेम विवाह किया था। इसी शादी को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी चल रही थी। गांव में पंचायत के बाद आजाद का सामाजिक बहिष्कार भी हो चुका था। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मान रही है।  

मांगलिक कार्यक्रम में जाते समय घात लगाकर मारा

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात आजाद सिंह अपने परिचित सुरेश विश्वकर्मा के साथ नवाबगंज से चिलमपुर गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे संदीप सिंह ने उन्हें रोक लिया। कहासुनी के बाद संदीप ने चाकू से आजाद के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान आजाद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी शव सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।  

पत्नी ने की फांसी की मांग-
  
मृतक की पत्नी पिंकी उर्फ खुशी सिंह ने अपने सौतेले भाई संदीप की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। रोते हुए पिंकी ने कहा— _“जिसने मेरे सुहाग को उजाड़ा, उसे फांसी होनी चाहिए। मेरी 4 महीने की बेटी के सिर से बाप का साया उठ गया।”_  

थानेदार बोले- मिले हैं अहम सुराग

वजीरगंज थाना प्रभारी विपुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर संदीप सिंह और सुरेश कुमार विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। दावा किया कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

एसपी विनीत जायसवाल-  
“मामला गंभीर है। चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द गिरफ्तारी होगी।”

प्रेम विवाह को लेकर हुई यह हत्या फिर सवाल खड़े करती है— कब तक ‘इज्जत’ के नाम पर खून बहेगा? दो दिन बाद भी मुख्य आरोपी का न पकड़ा जाना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल है। 4 महीने की बच्ची और विधवा पत्नी इंसाफ की बाट जोह रही हैं। देखना होगा कि एसपी की 4 टीमें कब तक आरोपियों को कटघरे तक पहुंचाती हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.